सचिन पायलट बने ड्राइवर, बगल में बैठे परगट सिंह…, नए कांग्रेस प्रधान का अमृतसर में जोरदार स्वागत

पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश प्रधान बनने के बाद परगट सिंह पहली बार पंजाब पहुंचे। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के साथ अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब कांग्रेस के नए प्रदेश प्रधान बनने के बाद परगट सिंह पहली बार पंजाब पहुंचे। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के साथ अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद परगट सिंह गोल्डन टेंपल में माथा टेकने के लिए रवाना हुए।

इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा सचिन पायलट के गाड़ी चलाने की रही। पायलट खुद ड्राइविंग सीट पर नजर आए, जबकि उनके साथ परगट सिंह बैठे हुए थे। दोनों नेताओं की यह तस्वीर और वीडियो अमृतसर पहुंचते ही चर्चा में आ गई।

एयरपोर्ट से सीधे गोल्डन टेंपल रवाना हुए परगट
अमृतसर एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद परगट सिंह कार में सवार होकर श्री हरमंदिर साहिब के लिए रवाना हुए। उनके साथ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट से गोल्डन टेंपल तक के सफर के दौरान पायलट खुद गाड़ी चलाते नजर आए। नए प्रदेश प्रधान के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पहुंचे थे। ढोल की थाप के बीच कार्यकर्ताओं ने परगट सिंह का स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए।

सभी धर्मस्थलों पर माथा टेकेंगे परगट सिंह
परगट सिंह अपने अमृतसर दौरे के दौरान अलग-अलग धर्मों के प्रमुख धर्मस्थलों पर माथा टेकेंगे। गोल्डन टेंपल में नतमस्तक होने के बाद उनका अन्य धार्मिक स्थलों पर जाने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद वह मोहाली में पंजाब कांग्रेस की लीडरशिप के साथ बैठक कर सकते हैं। वहीं, अगले दिन हिमाचल प्रदेश के मां चिंतपूर्णी दरबार में माथा टेकने का भी उनका कार्यक्रम बताया जा रहा है।

दिल्ली में राजा वड़िंग से की मुलाकात
पंजाब लौटने से पहले परगट सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से भी मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद दोनों नेताओं की यह मुलाकात राजनीतिक तौर पर अहम मानी जा रही है। मुलाकात के बाद परगट सिंह ने पंजाब कांग्रेस में किसी तरह के मतभेद की बात को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी पंजाब में एकजुट है। नेताओं की अपनी-अपनी राय हो सकती है, लेकिन यही लोकतंत्र की खूबसूरती है।

2027 चुनाव को लेकर बोले परगट सिंह
परगट सिंह ने कहा कि पंजाब कांग्रेस एकजुट होकर 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने पार्टी के भीतर अलग-अलग विचारों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया और संगठन को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकेत दिया। नए प्रदेश प्रधान के तौर पर परगट सिंह का यह पहला पंजाब दौरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *