पुलिस वाले ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता का क्या? अमृतसर में घर लौट रहे ASI पर फायरिंग

अमृतसर में पुलिस विभाग के एक ASI पर जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। GRP में तैनात ASI सुखचैन सिंह ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर में पुलिस विभाग के एक ASI पर जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। GRP में तैनात ASI सुखचैन सिंह ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के नजदीक घर से करीब एक किलोमीटर पहले पुल पर 3 बाइक सवार युवकों ने उन्हें घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। हमले में एक गोली ASI की बाईं बाजू में लगी और आर-पार निकल गई।

हमले के बाद बाइक सवार फरार
फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल ASI को परिजनों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ASI ने कहा- किसी से कोई दुश्मनी नहीं
घायल ASI सुखचैन सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। ऐसे में उन पर हमला किस वजह से किया गया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। सुखचैन सिंह ने पूछताछ के दौरान साल 2019 में हुई अपने भाई की हत्या का भी जिक्र किया। उन्होंने इस पुराने मामले को हमले से जोड़ते हुए अपनी भाभी पर हमला करवाने का शक जताया है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हमले की असली वजह सामने आ पाएगी।

3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने ASI के बयान के आधार पर 3 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हमलावर किस दिशा से आए और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए, इसकी भी जांच की जा रही है।

पंजाब में पुलिसकर्मियों पर हमलों का 5वां मामला
ASI पर हुए इस हमले के बाद पंजाब में पुलिस अधिकारियों को निशाना बनाए जाने के मामलों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि ASI पर हमले का यह पंजाब में 5वां मामला है। इससे पहले गुरदासपुर और अमृतसर में 3 ASI की इसी तरह हत्या की जा चुकी है, जबकि अमृतसर में एक अन्य ASI को भी गोली मारकर घायल किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *