श्रीमुक्तसर साहिब में सुबह-सुबह बारिश के कारण एक घर की छत गिर गई। जिसमें 2 महिलाओं समेत परिवार के 6 मैंबर जख्मी हो गए हैं। जख्मी लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका ईलाज चल रहा है।
सुबह 6 बजे गिरी छत
बताया जा रहा है कि सुंदर नगर बस्ती में मुख्तियार सिंह के घर की सुबह-सुबह 6 बजे अचानक छत गिर गई। जिस समय छत गिरी उस दौरान परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। छत गिरने के कारण शोर मच गया। जिसके बाद लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने परिवार के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती करवाया।
पिता के लिए दवाई लेने के लिए आई थी बेटियां
पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि मुख्तयार सिंह की विवाहित बेटी गुरप्रीत कौर (27) और हरप्रीत कौर (29) अपने माता-पिता को दवाई दिलाने के लिए वीरवार शाम अपने-अपने बच्चों लवप्रीत सिंह, अरमान, शिवजोत, अमनदीप के साथ आई हुई थी।
शुक्रवार सुबह उन्हें अपने माता-पिता को दवाई दिलाने के लिए फरीदकोट जाना था। जिस कमरे में दोनों बेटियां अपने बच्चों के साथ सो रही थी, उस कमरे की छत आज सुबह अचानक से नीचे गिर गई। जिससे सभी गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बीते दिन ही हुई थी जमकर बारिश
गौर हो कि वीरवार की शाम श्रीमुक्तसर साहिब में जमकर बारिश हुई थी। परिजनों ने बताया कि कुछ ही समय पहले मुख्तियार सिंह ने फर्नीचर का सामान किस्तों पर लिया था। जो छत गिरने के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।