पंजाब-चंडीगढ़ में 5 अगस्त तक बारिश का दौर, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट

Weather to change in Punjab today; rain likely in 9 districts.

पंजाब में मानसून अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 5 अगस्त तक पंजाब के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, जालंधर में शनिवार को हल्की बारिश हो रही है।

मौसम विभाग ने बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने को लेकर भी चेतावनी जारी की है। हालांकि, 6 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। इसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

चंडीगढ़ में आज मौसम साफ

शनिवार को चंडीगढ़ में मौसम साफ है और धूप खिली हुई है। पिछले 24 घंटों में शहर का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम है।

अगले पांच दिनों में चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

चंडीगढ़ में बारिश सामान्य से कम

1 जून से अब तक चंडीगढ़ में 337.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 21.3 प्रतिशत कम है। आने वाले दिनों में बारिश होने से इस कमी में कुछ सुधार होने की उम्मीद है।

वहीं, पंजाब में पिछले 24 घंटों के दौरान औसत अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 37.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लुधियाना में 24 डिग्री दर्ज किया गया।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों से जरूरी होने पर ही यात्रा करने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *