पंजाब में AAP की दूसरी उम्मीदवार सूची आज हो सकती है जारी, 15 नामों पर लगेगी मुहर!

AAP's second list of candidates for Punjab may be released today; 15 names are set to be finalized!

पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी सियासी गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी की दूसरी उम्मीदवार सूची आज जारी होने की संभावना है। इसे लेकर दिल्ली में शाम को अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि बैठक में कैबिनेट मंत्रियों की सीटों को लेकर फैसला लिया जा सकता है। दूसरी सूची में करीब 15 उम्मीदवारों के नाम शामिल होने की संभावना है।

इससे पहले AAP ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी से उम्मीदवार घोषित किया गया था। खास बात यह रही कि पार्टी ने अधिकतर मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया था।

लालजीत सिंह भुल्लर ने चुनाव लड़ने से किया इनकार

वहीं, पट्टी से AAP विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। फिलहाल वह जेल में बंद हैं। मार्च 2026 में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अमृतसर जिला प्रबंधक डॉ. गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में उन पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगे थे। इसके बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और 23 मार्च 2026 को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

पहली सूची में जेल में बंद मंत्री को भी मिला था टिकट

AAP की पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी, कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा और कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी समेत कई बड़े नेताओं के नाम शामिल थे।

इसके अलावा पूर्व मंत्रियों और मौजूदा विधायकों को भी टिकट दिया गया था। इनमें कुलदीप सिंह धालीवाल, ब्रह्म शंकर जिम्पा, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, बलकार सिंह और कुलवंत सिंह जैसे नाम शामिल हैं।

महिला उम्मीदवारों में बलजिंदर कौर, डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, इंदरजीत कौर मान और संतोष कटारिया को टिकट दिया गया था। वही अब देखना होगा कि पार्टी इस बार किन नए चेहरों और मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतारती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *