जालंधर नॉर्थ हलके के लोगों से सीधा संपर्क और मजबूत करने तथा उनकी स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए 17 सितंबर 2026 को हलके में नए कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। कार्यालय का उद्घाटन सुबह 9:30 बजे इंडस्ट्रियल एरिया, बाबा सोडल जी मंदिर के नजदीक किया जाएगा।
नगर निगम जालंधर के मेयर एवं हलका इंचार्ज जालंधर नॉर्थ वनीत धीर ने बताया कि नए कार्यालय के माध्यम से हलका वासियों को अपनी समस्याएं, सुझाव और स्थानीय स्तर से जुड़े मामलों को सीधे तौर पर रखने के लिए सुविधाजनक मंच उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके साथ ही लोगों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई पर भी ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की ओर से लोक कल्याण और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़कों, बुनियादी ढांचे और अन्य सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का लाभ लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
वनीत धीर ने कहा कि सरकार की नीतियों और विकास कार्यों का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय समस्याओं का समय पर समाधान करना भी प्राथमिकता है। नए कार्यालय के माध्यम से हलका वासियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और उनकी जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम किया जाएगा। इस अवसर पर जालंधर नॉर्थ हलके से संबंधित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।









