पंजाब में प्रियंका गांधी करेंगी टिकटों का ऐलान! दोआबा रैली को लेकर कांग्रेस में हलचल तेज

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। राहुल गांधी की संगरूर में हुई इंसाफ रैली के बाद अब पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पंजाब दौरे पर आने वाली हैं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। राहुल गांधी की संगरूर में हुई इंसाफ रैली के बाद अब पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पंजाब दौरे पर आने वाली हैं। उनके दौरे के दौरान दोआबा क्षेत्र में बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, अभी रैली की तारीख और स्थान को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। नवंबर के तीसरे सप्ताह के बाद किसी भी समय प्रियंका गांधी के पंजाब दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी हो सकता है।

दोआबा में रैली की तैयारी, तारीख और जगह पर मंथन
कांग्रेस की योजना प्रियंका गांधी की रैली के जरिए दोआबा क्षेत्र में पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार करने की है। इसके लिए संभावित स्थानों और कार्यक्रम की तारीख पर विचार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस दौरे के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय करने के साथ-साथ क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का संदेश देगी।

सचिन पायलट की रणनीति के तहत लगातार आएंगे केंद्रीय नेता
प्रियंका गांधी के पंजाब दौरे को पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पायलट चाहते हैं कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं का पंजाब में लगातार आना-जाना बना रहे। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहेगा और वरिष्ठ नेताओं को भी एक मंच पर लाने का अवसर मिलेगा।

पार्टी के भीतर एकजुटता दिखाना भी इस रणनीति का अहम हिस्सा है। राहुल गांधी की रैली के बाद प्रियंका गांधी का दौरा इसी दिशा में अगला कदम माना जा रहा है।

सचिन पायलट के आग्रह पर प्रियंका ने दी मंजूरी
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सचिन पायलट ने प्रियंका गांधी से पंजाब आने का आग्रह किया था। इसके बाद उन्होंने पंजाब दौरे को अपनी मंजूरी दे दी है। हालांकि, नवंबर में उत्तर प्रदेश में भी प्रियंका गांधी के कई राजनीतिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। ऐसे में वह अपने व्यस्त कार्यक्रम के बीच समय निकालकर पंजाब पहुंचेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *