दिवाली के बाद पंजाब में प्रदूषण का कहर: मंडी गोबिंदगढ़ का AQI 399 पहुंचा, हवा हुई बेहद खराब

Pollution crisis in Punjab after Diwali: AQI in Mandi Gobindgarh reaches 399

दिवाली के बाद पंजाब और चंडीगढ़ में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। पटाखों के धुएं और हवाओं की धीमी रफ्तार के चलते पंजाब के कई शहरों की हवा जहरीली हो गई है। चंडीगढ़ के मुकाबले पंजाब के कई शहरों में वायु गुणवत्ता की स्थिति ज्यादा खराब दर्ज की गई है।

आंकड़ों के मुताबिक, मंडी गोबिंदगढ़ में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 399 तक पहुंच गया, जबकि लुधियाना में AQI 300 दर्ज किया गया। वहीं, चंडीगढ़ में वायु गुणवत्ता सूचकांक 129 रहा।

आज मौसम रहेगा शुष्क, बारिश के आसार नहीं

मौसम की बात करें तो आज 9 नवंबर को पंजाब में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। बठिंडा में सबसे अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

12 और 13 नवंबर को कुछ इलाकों में हो सकती है हल्की बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार दिनों तक पंजाब में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 12 और 13 नवंबर को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

12 नवंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर और होशियारपुर में हल्की से बहुत हल्की बारिश होने का अनुमान है। इसके बाद एक बार फिर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले सात दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं।

अगले 3 दिन सुबह और रात को छाएगी धुंध

मौसम विभाग ने पंजाब में अगले तीन दिनों तक कुछ स्थानों पर रात और सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाने की संभावना जताई है।

वहीं, चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में 9 से 13 नवंबर तक अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *