पंजाब के जालंधर में दिवाली की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। निजातम नगर की गली नंबर-6 में एक घर में अचानक आग लगने से पैरालाइज मरीज की झुलसकर मौत हो गई। मृतक की पहचान चन्ना ढोल वाला के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चन्ना ढोल वाला पैरालाइज होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ थे। हादसे के समय वह घर के अंदर मौजूद थे। अचानक आग लगने से घर में धुआं फैल गया और आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। शारीरिक रूप से असमर्थ होने के कारण वह खुद को बचाने के लिए बाहर नहीं निकल सके और आग की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
पटाखों की आवाज के कारण नहीं चला आग का पता
बताया जा रहा है कि हादसे के समय घर में उनकी बेटी और दामाद भी मौजूद थे, लेकिन वे बाहर गए हुए थे। दिवाली के चलते इलाके में पटाखे चलाए जा रहे थे। ऐसे में पटाखों की आवाज के बीच आसपास के लोगों को घर में आग लगने का तुरंत पता नहीं चला।
बाद में जब लोगों ने घर से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं तो उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने परिवार से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व सांसद सुशील रिंकू पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उनके साथ दुख साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्हें घर में आग लगने और एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।
सुशील रिंकू ने कहा कि वह जालंधर के डीसी से बातचीत कर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग करेंगे, ताकि परिवार को आर्थिक मदद मिल सके।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक चन्ना ढोल वाला की मौत हो चुकी थी और घर का सारा सामान जलकर राख हो गया था। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।









