दिवाली पर देशभर में आग का तांडव: 22 लोगों की मौ/त, MP में सबसे ज्यादा 12 की गई जान

Diwali fire havoc across the country: 22 people dead; highest toll in MP with 12 lives lost

दिवाली की रात देश के कई शहरों में खुशियों का त्योहार दर्दनाक हादसों में बदल गया। पटाखों और अन्य कारणों से लगी आग की अलग-अलग घटनाओं में 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं और कुछ अब भी लापता बताए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा तबाही मध्य प्रदेश में हुई, जहां दो अलग-अलग मकानों में आग लगने से 12 लोगों की जान चली गई।

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में भी एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां किराने की दुकान के ऊपर बने मकान में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, मुंबई के लोखंडवाला इलाके में आग लगने से एक व्यक्ति की जान चली गई।

राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग लापता हैं। हादसे में तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन जलकर राख हो गए। उधर, दिल्ली के नरेला में पटाखे का रॉकेट लगने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

मध्य प्रदेश में दो मकानों में आग, 12 लोगों की मौत

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे शामिल हैं। इनमें एक बच्चा महज 2 महीने का था।

वहीं, सिवनी जिले के छपारा में एक सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से 6 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 16 साल का एक किशोर भी शामिल है। दोनों घटनाओं में कुल 12 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 5 महिलाएं, 3 पुरुष और 4 बच्चे बताए गए हैं।

महाराष्ट्र में एक परिवार के 6 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में किराने की दुकान के ऊपर बने मकान में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा मुंबई के लोखंडवाला में आग की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई।

मुंबई के डोंगरी इलाके में भी आग लगने से कई दुकानें और झुग्गियां जल गईं। वहीं, ठाणे की 17 मंजिला इमारत में आग लगने की घटना सामने आई, हालांकि यहां किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग, 3 लापता

राजस्थान के पाली में पटाखों की दुकान में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग लापता हैं। हादसे में तीन दुकानें और कई दोपहिया वाहन जल गए।

जम्मू से पुणे तक आग की कई घटनाएं

जम्मू के नेहरू मार्केट में एक गोदाम में आग लगने से 12 से ज्यादा दुकानें जल गईं। वहीं, उत्तर प्रदेश के बांदा में कबाड़ की दुकान में आग लगने से करीब 20 से 25 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

महाराष्ट्र के पुणे में आग लगने की 63 घटनाएं सामने आईं। इनमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। नागपुर में टीवीएस शोरूम में आग लगने से कई दोपहिया वाहन जल गए।

इसके अलावा असम के जोनाई, पुणे के वडगांव शेरी, मुंबई के विद्याविहार, सिक्किम के गंगटोक में सरकारी आवास और गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके में भी आग लगने की घटनाएं हुईं।

इन सभी घटनाओं के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। दिवाली की रात हुई इन घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *