जालंधर में प्रेस क्लब हंगामा, हॉल में जाने से रोके जाने पर भड़के पत्रकार

जालंधर के पंजाब प्रेस क्लब में उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के साथ रखे गए एक ब्रेकफास्ट कार्यक्रम के दौरान कुछ सदस्यों को कॉन्फ्रेंस हॉल में जाने से रोक दिया गया। इस पर पत्रकारों ने कड़ा ऐतराज जताते हुए मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के पंजाब प्रेस क्लब में उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के साथ रखे गए एक ब्रेकफास्ट कार्यक्रम के दौरान कुछ सदस्यों को कॉन्फ्रेंस हॉल में जाने से रोक दिया गया। इस पर पत्रकारों ने कड़ा ऐतराज जताते हुए मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस सुरक्षा कर्मियों ने रोका रास्ता
जानकारी के अनुसार, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह को पंजाब प्रेस क्लब में नाश्ते पर आमंत्रित किया गया था। इसी दौरान क्लब के कुछ नियमित सदस्य रोजाना की तरह वहां पहुंचे और जैसे ही कॉन्फ्रेंस हॉल की तरफ बढ़ने लगे, वहां तैनात पुलिस सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।

रोके जाने पर भड़के पत्रकार
सुरक्षा कर्मियों का कहना था कि अंदर केवल गवर्निंग काउंसिल के चुनिंदा पदाधिकारियों को ही प्रवेश की अनुमति है। इस पाबंदी से नाराज पत्रकारों ने तुरंत मौके पर ही हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति काफी गर्मा गई और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के सामने ही विरोध के सुर तेज हो गए।

प्रधान जसबीर सैनी और CP ने संभाली स्थिति
बढ़ते विवाद को भांपते हुए पंजाब प्रेस क्लब के प्रधान जसबीर सैनी ने तुरंत मामले में दखल दिया और नाराज पत्रकारों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने भी मामले को संभालने की कोशिश की और नरमी बरतते हुए कहा कि “ये सभी भी मेरे भाई जैसे हैं, ऐसी कोई बात नहीं है।”

जानिए क्या थी पूरे विवाद की जड़
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस पूरे विवाद की असल वजह यह थी कि गवर्निंग काउंसिल के एक पदाधिकारी ने सुरक्षा कर्मियों को सख्त निर्देश दिए थे कि कॉन्फ्रेंस हॉल में किसी भी साधारण सदस्य को एंट्री न दी जाए। इसी बात से आहत होकर क्लब के सदस्यों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। हालांकि, बाद में आपसी बातचीत के जरिए मामले को सुलझा लिया गया और स्थिति सामान्य हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *