ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर नगर निगम में कर्मचारियों और प्रशासन के बीच एक बार फिर टकराव की स्थिति बन गई है। भर्ती, प्रमोशन और स्टाफ की कमी सहित 15 प्रमुख मांगों को लेकर नगर निगम यूनियन के एक धड़े ने शुक्रवार को निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय में जमकर नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की। यूनियन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे।
नए गांवों में सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की कमी का मुद्दा उठाया
यूनियन ने निगम सीमा में शामिल किए गए नए गांवों में सफाई कर्मचारियों और सैनिटरी सुपरवाइजरों की कमी को प्रमुख मुद्दा बनाया है। इसके अलावा वरियाणा डंप पर सुपरवाइजर की तैनाती न होने पर भी सवाल उठाए गए। यूनियन की मांग है कि एक ही वार्ड में दो सैनिटरी सुपरवाइजर तैनात करने की व्यवस्था बंद की जाए, ताकि स्टाफ का सही तरीके से प्रबंधन हो सके।
सीडीसी चार्ज रद्द करने और पक्के क्लर्क लगाने की मांग
कर्मचारी नेताओं ने मांग की है कि जिन कर्मचारियों को करंट ड्यूटी चार्ज (CDC) दिया गया है, उन्हें तुरंत रद्द किया जाए। स्वास्थ्य शाखा में वेतन संबंधी कामकाज के लिए नियमित बिल क्लर्क नियुक्त किए जाएं। इसके साथ ही क्लर्क बदले जाने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों को उनका सर्विस रिकॉर्ड उपलब्ध करवाना भी सुनिश्चित किया जाए।
प्रमोशन और 1196 पदों पर भर्ती जल्द पूरी करने की मांग
यूनियन ने टाइप टेस्ट पास कर चुके सेवादार कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ देने और डेपुटेशन पर काम कर रहे ड्राइवरों को प्रमोट करने की मांग भी उठाई है। इसके अलावा निगम में 1196 पदों पर नियमित भर्ती की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की गई। दर्जा-3 और दर्जा-4 के कर्मचारियों को इनसोर्स (कॉन्ट्रैक्ट) करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाने पर जोर दिया गया।
सरकारी मशीनरी पक्के ड्राइवरों को देने की मांग
यूनियन पदाधिकारियों ने नगर निगम की सरकारी मशीनरी के संचालन को लेकर स्पष्ट नियम बनाने की मांग रखी है। उनका कहना है कि निगम की सभी मशीनें केवल नियमित ड्राइवरों को ही आवंटित की जानी चाहिए, ताकि मशीनों के संचालन और जिम्मेदारी को लेकर किसी तरह की अनियमितता न रहे।
हड़ताल के साथ CM की कोठी के घेराव का ऐलान
यूनियन ने निगम प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 15 मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी हड़ताल शुरू कर देंगे। यूनियन ने इस स्थिति के लिए पूरी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की तय की है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के जालंधर दौरे के दौरान उनकी कोठी का घेराव करने का भी ऐलान किया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में नगर निगम प्रशासन के सामने कर्मचारियों का विरोध बड़ा मुद्दा बन सकता है।









