ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के मोहाली में 2 साल के मासूम गुरसांझ की हत्या के मामले में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला खुलासा किया है। मासूम की कातिल कोई और नहीं, बल्कि उसी के गांव की रहने वाली एक महिला निकली। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ दिन पहले ही आरोपी महिला का गर्भपात हुआ था, जिसके कारण वह गहरे मानसिक तनाव और गुस्से में थी।
मासूम की खिलखिलाहट देख भड़क उठा गुस्सा
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की जो वजह बताई, उसने हर किसी को सन्न कर दिया। खुद की कोख उजड़ने के गम और गुस्से में डूबी महिला से घर के बाहर गुरसांझ का हंसना और खेलना बर्दाश्त नहीं हुआ। जलन और गुस्से की आग में अंधी होकर उसने घर के बाहर खेल रहे मासूम गुरसांझ को अगवा कर लिया। वह बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई और उसकी हत्या कर दी।
रात भर भटकता रहा परिवार, सुबह घर के बाहर फेंका शव
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने किसी को शक न हो, इसके लिए बच्चे के शव को अपने ही घर के एक कमरे में छिपा दिया था। उधर, मासूम के अचानक गायब होने से बदहवास परिजन रात करीब डेढ़ बजे तक गांव के चप्पे-चप्पे और टिन शेड तक पर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन तब उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद शातिर महिला ने सुबह मौका पाकर बच्चे के शव को पड़ोसी की छत और घर के बाहर ले जाकर रख दिया। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच करते हुए आरोपी महिला को दबोच लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









