ख़बरिस्तान नेटवर्क : WhatsApp ने ग्रुप इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने ग्रुप में मेंबर्स को जोड़ने की अधिकतम सीमा बढ़ाकर 1500 कर दी है। इस नए अपडेट के बाद अब यूजर्स एक ही ग्रुप में पहले के मुकाबले ज्यादा लोगों को शामिल कर सकेंगे। यह सुविधा Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए जारी की जा रही है। खास बात यह है कि इस फीचर की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
1024 से बढ़ाकर 1500 की गई मेंबर्स की लिमिट
अब तक WhatsApp के एक ग्रुप में अधिकतम 1024 लोगों को ही जोड़ने की सुविधा थी। ऐसे में जिन ग्रुप में सदस्यों की संख्या ज्यादा होती थी, उन्हें अलग-अलग ग्रुप बनाने पड़ते थे। लेकिन नई लिमिट लागू होने के बाद एक ग्रुप में 1500 सदस्य शामिल हो सकेंगे। इस बदलाव से फैमिली, स्कूल, रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी और अलग-अलग कम्युनिटी ग्रुप चलाने वाले लोगों को फायदा मिलेगा। खासकर उन ग्रुप एडमिन को राहत मिलेगी, जिन्हें मेंबर्स की संख्या बढ़ने पर नया ग्रुप बनाना पड़ता था।
बिना किसी सेटिंग के मिलेगा नया फीचर
WhatsApp की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ग्रुप की नई क्षमता का अपडेट अपने आप यूजर्स तक पहुंच जाएगा। इसके लिए अलग से किसी सेटिंग में बदलाव करने या कोई विशेष प्रक्रिया अपनाने की जरूरत नहीं होगी। कंपनी इस सुविधा को धीरे-धीरे रोलआउट कर रही है, इसलिए आने वाले दिनों में यह अपडेट अधिक से अधिक यूजर्स को मिल सकता है।
ग्रुप चैट के लिए पहले भी आए थे नए फीचर्स
WhatsApp ने हाल ही में ग्रुप चैट को बेहतर बनाने के लिए कई नए फीचर्स पेश किए थे। इनमें जरूरी मैसेज को लंबे समय तक चैट में पिन करके रखने की सुविधा शामिल है। इससे महत्वपूर्ण जानकारी ग्रुप में सबसे ऊपर दिखाई देती रहेगी और सदस्यों को उसे ढूंढने में परेशानी नहीं होगी। इसके अलावा यूजर्स को ग्रुप में स्टेटस अपडेट शेयर करने का विकल्प भी दिया गया है।









