ख़बरिस्तान नेटवर्क : कनाडा में एक भारतीय नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली इलाके में एक जली हुई कार के अंदर भारतीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान तुषार शर्मा के रूप में हुई है, जो सरे का रहने वाला था। पुलिस को आशंका है कि तुषार की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई और वारदात के सबूत मिटाने के लिए उसकी कार को आग के हवाले कर दिया गया।
जली हुई कार के अंदर मिले मानव अवशेष
जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को ब्रिटिश कोलंबिया के लैंगली क्षेत्र में रॉलिंसन क्रिसेंट के 23300 ब्लॉक में एक गाड़ी में आग लगने की सूचना इमरजेंसी सर्विस को मिली थी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के दौरान कार के अंदर मानव अवशेष देखे। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या की जांच शुरू कर दी गई।
भारतीय युवक की हत्या की जांच IHIT के हवाले
मामले की जांच कनाडा की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) को सौंप दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तुषार शर्मा का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। इसके अलावा कनाडा में भी उनके संपर्क सीमित थे। पुलिस को शक है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि पहले से योजना बनाकर की गई हत्या हो सकती है।
कनाडा और विदेशों में परिवार से पूछताछ
फिलहाल तुषार की हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। जांच अधिकारी उनकी मौत से पहले की गतिविधियों और उनसे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। IHIT की प्रवक्ता सार्जेंट फ्रेडा फोंग के मुताबिक, जांच टीम कनाडा के अलावा विदेशों में रह रहे तुषार के परिवार के सदस्यों और परिचितों से भी पूछताछ कर रही है।
हत्या के मकसद और आरोपियों का नहीं हुआ खुलासा
पुलिस अभी तक हत्या के पीछे के कारण या इसमें शामिल संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं कर पाई है। जांच एजेंसियां घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। पुलिस को आशंका है कि कार में आग लगाने का मकसद हत्या से जुड़े सबूतों को नष्ट करना हो सकता है।









