सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी जैसा अंजाम भुगतने की चेतावनी

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह धमकी कथित तौर पर जीशान अख्तर के नाम से दी गई है, जो एनसीपी (NCP) नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का एक वांछित आरोपी है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने वीरवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह धमकी कथित तौर पर जीशान अख्तर के नाम से दी गई है, जो एनसीपी (NCP) नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का एक वांछित आरोपी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है और धमकी की वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है।

वॉयस मैसेज में दी गई बाबा सिद्दीकी जैसा हश्र करने की चेतावनी
पुलिस अधिकारी के अनुसार, अभिनेता सैफ अली खान के फोन पर जीशान अख्तर के नाम से एक धमकी भरा वॉयस मैसेज आया है। इस संदेश में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि उनका भी वही हश्र होगा, जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था। जांच अधिकारी फिलहाल इस पहलू की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या यह वॉयस मैसेज वाकई फरार आरोपी जीशान अख्तर की ओर से भेजा गया है, या फिर कोई शरारती तत्व उसके नाम का इस्तेमाल कर सेलिब्रिटीज और कानून व्यवस्था को परेशान करने की साजिश रच रहा है।

पहले भी कई सितारों को मिल चुकी हैं धमकियां
एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। गौरतलब है कि ऐसे ही एक पुराने मामले में मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु निवासी 30 वर्षीय आईआईटी (IIT) ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि किसी आपराधिक गिरोह से कोई संबंध न होने के बावजूद उसने मशहूर हस्तियों को धमकियां देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का सहारा लिया था।

2024 अक्टूबर को हुई थी बाबा सिद्दीकी की हत्या
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तीन हमलावरों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया था, जब वे अपने बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर मौजूद थे। पुलिस अब सैफ अली खान को मिले इस नए धमकी भरे संदेश के तार उसी मामले और अन्य संभावित एंगल से जोड़कर देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *