तरुण चावला ने हंसाया, साबी की सूफी गायकी ने बांधा समां; जालंधर में The Grand Live Stage

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के के.एल. सहगल मेमोरियल हॉल में नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के उद्देश्य से आर हाउस ऑफ आर्टिस्ट की ओर से The Grand Live Stage कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर और आसपास के कई उभरते कलाकारों ने हिस्सा लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

शायरों से लेकर संगीतकारों और कॉमेडियनों ने बिखेरा रंग
कार्यक्रम में शायर, गीतकार, संगीतकार और कॉमेडी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। अलग-अलग विधाओं के कलाकारों ने दर्शकों का मनोरंजन किया और अपनी कला के जरिए कार्यक्रम में मौजूद लोगों की खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान मशहूर कॉमेडियन रोस्टफ्लिक्स तरुण चावला ने अपने हास्य अंदाज और चुटकुलों से दर्शकों को खूब हंसाया। वहीं, साबी की सूफी गायकी ने कार्यक्रम के माहौल को अलग रंग दिया और दर्शकों को संगीत से जोड़ने का काम किया।

नए कलाकारों को मंच देने पर जोर
कार्यक्रम के बारे में जानकारी साझा करते हुए डॉ. अनूप, सतिंदर सिंह और आर हाउस ऑफ आर्टिस्ट के संस्थापक मोहिंदर जालंधरी ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन कलाकारों को मंच उपलब्ध करवाना है, जिन्हें अपनी प्रतिभा सामने लाने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते।

उन्होंने कहा कि कई बार प्रतिभा होने के बावजूद कलाकारों को सही मंच और प्रोत्साहन नहीं मिल पाता। ऐसे में इस तरह के कार्यक्रमों के जरिए कलाकारों के भीतर आत्मविश्वास और अपनी कला को आगे ले जाने का हौसला पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।

पहले भी कई कार्यक्रम करवा चुका है ग्रुप
सतिंदर सिंह ने बताया कि आर हाउस ऑफ आर्टिस्ट की ओर से पहले भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इस बार प्रयास किया गया कि अधिक से अधिक कलाकारों को एक बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले।

शहर की कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में शहर की कई अन्य प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं। इनमें डॉ. वनीत महाजन, डॉ. अमित महाजन, डॉ. अंबुज सूद, डॉ. अमनप्रीत, डॉ. भरत गुप्ता और एस.एस. बिल्ला सहित अन्य लोग शामिल रहे। उपस्थित अतिथियों ने कार्यक्रम और नए कलाकारों को मंच देने की पहल की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *