ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुरदासपुर में हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। इस सनसनीखेज वारदात से पहले का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस जांच में कई नए पहलू जुड़ गए हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के एक आतंकी संगठन ने पोस्ट जारी कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। CCTV फुटेज और आतंकी संगठन के दावे के बाद मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
बस से उतरने के बाद दो युवकों ने दी थी लिफ्ट
सामने आए CCTV फुटेज के मुताबिक, घटना से पहले हेड कांस्टेबल विनोद कुमार बस स्टैंड पर बस से उतरते दिखाई देते हैं। इसके बाद वह अपने गांव की ओर जाने वाली सड़क के मोड़ पर रुक जाते हैं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचते हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने खुद मोटरसाइकिल रोककर विनोद कुमार को लिफ्ट देने की पेशकश की थी। इसके बाद हेड कांस्टेबल उनके साथ मोटरसाइकिल पर बैठ गए। आरोप है कि कुछ दूरी पर ले जाने के बाद इन्हीं युवकों ने उन्हें गोली मार दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
सोशल मीडिया पोस्ट में आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी
इस हत्याकांड में एक और गंभीर पहलू सामने आया है। तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के आतंकी संगठन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, संगठन की ओर से किए गए इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
पुलिस की कई टीमें कर रहीं जांच
CCTV फुटेज सामने आने और आतंकी संगठन के दावे के बाद पुलिस इस मामले को कई अलग-अलग पहलुओं से खंगाल रही है। जांच एजेंसियां आरोपियों की पहचान करने के साथ-साथ हत्या के पीछे की असली वजह और संभावित साजिश का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की जांच कर रही हैं।









