पंजाब में टिप्पर ड्राइवर की चमकी किस्मत, 500 रुपए के टिकट ने बना दिया करोड़पति

मोहाली के डेराबस्सी इलाके में रहने वाले एक टिप्पर ड्राइवर की किस्मत ऐसी चमकी कि वह रातोंरात करोड़पति बन गया। हुमायूंपुर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय बलजिंदर सिंह की दिवाली बंपर लॉटरी में पूरे 12 करोड़ रुपए की लॉटरी निकली है।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : मोहाली के डेराबस्सी इलाके में रहने वाले एक टिप्पर ड्राइवर की किस्मत ऐसी चमकी कि वह रातोंरात करोड़पति बन गया। हुमायूंपुर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय बलजिंदर सिंह की दिवाली बंपर लॉटरी में पूरे 12 करोड़ रुपए की लॉटरी निकली है। खास बात यह है कि उन्होंने इस लॉटरी का टिकट महज 500 रुपए में खरीदा था। सोमवार रात करीब 11 बजे उन्हें इनाम निकलने की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में खुशी का माहौल बन गया।

15 साल से खरीद रहे थे लॉटरी टिकट
बलजिंदर सिंह खेती करने के साथ-साथ टिप्पर चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। उन्होंने 10 नवंबर को हंडेसरा में एक लॉटरी विक्रेता से 500 रुपए का टिकट खरीदा था। उनका परिवार पिछले करीब 15 साल से लगातार लॉटरी के टिकट खरीद रहा था, लेकिन इस बार किस्मत ने उनका साथ दिया और दिवाली बंपर में 12 करोड़ रुपए का पहला इनाम उनके नाम निकल आया।
बलजिंदर सिंह दो बच्चों के पिता हैं। लॉटरी में इतनी बड़ी रकम जीतने की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। गांव के लोग भी उन्हें बधाई देने के लिए पहुंच रहे हैं।

12 करोड़ में से टैक्स कटने के बाद मिलेंगे 8.40 करोड़
लॉटरी में 12 करोड़ रुपए का इनाम जीतने के बावजूद बलजिंदर सिंह को पूरी रकम नहीं मिलेगी। नियमानुसार 30 प्रतिशत टैक्स कटने के बाद उनके खाते में करीब 8.40 करोड़ रुपए आएंगे। इनाम की राशि हासिल करने की पूरी प्रक्रिया में लगभग डेढ़ से तीन महीने का समय लग सकता है। इसके लिए विजेता को पंजाब के डायरेक्टर लॉटरी विभाग के कार्यालय में अपना मूल लॉटरी टिकट और दो पहचान पत्रों समेत जरूरी दस्तावेज जमा करवाने होंगे। विभाग की ओर से सभी दस्तावेजों की जांच के बाद इनाम से संबंधित फाइल तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। सरकारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही विजेता को इनाम की राशि जारी की जाएगी।

इनाम की रकम को लेकर अभी कोई प्लान नहीं
12 करोड़ रुपए की लॉटरी निकलने के बाद बलजिंदर सिंह और उनके परिवार में जश्न का माहौल है। हालांकि, परिवार ने अभी तक इतनी बड़ी रकम के इस्तेमाल को लेकर कोई योजना नहीं बनाई है। फिलहाल उनकी प्राथमिकता इनाम की राशि हासिल करने के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करना है। इसी सिलसिले में बलजिंदर सिंह अपने कुछ साथियों के साथ जीरकपुर स्थित लॉटरी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने इनाम पर अपना दावा पेश किया और भुगतान से जुड़ी दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया शुरू की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *