ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्रियों के पंजाब दौरे भी बढ़ रहे हैं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को मोहाली पहुंचे। यहां उन्होंने बदरपुर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम के दौरान वह किसानों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से मुलाकात कर खेती से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने पंजाब के किसानों को 254 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता के स्वीकृति पत्र सौंपने की भी घोषणा की है।
पंजाब की धरती पर आकर मन को मिलती है खुशी: शिवराज सिंह चौहान
मोहाली पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब की धरती और यहां की धार्मिक विरासत की प्रशंसा की। उन्होंने एयरपोर्ट पर कहा कि जब भी वह पंजाब आते हैं, उनका हृदय आनंद, प्रसन्नता और श्रद्धा से भर जाता है। उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गुरु साहिब ने हमें ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का संदेश दिया है। यह शिक्षा वास्तव में अद्भुत है और वह यहां किसानों की सेवा करने के उद्देश्य से आए हैं।
किसानों को 254 करोड़ की वित्तीय सहायता के स्वीकृति पत्र देंगे
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पंजाब के किसानों के लिए 254 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता के स्वीकृति पत्र भी सौंपे जाएंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में किसानों के साथ ‘खेत बचाओ अभियान’ को लेकर विस्तार से बातचीत की जाएगी। इस दौरान किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों और फसल अवशेष प्रबंधन के तरीकों के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य खेती को अधिक टिकाऊ बनाना और पराली समेत फसल अवशेषों के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
सौर ऊर्जा से ग्रीन अमोनिया बनाने पर जोर
शिवराज सिंह चौहान ने खेती में नई तकनीकों और वैकल्पिक ऊर्जा के इस्तेमाल की संभावनाओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग करके ग्रीन अमोनिया का उत्पादन किया जा सकता है। इससे कृषि क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के साथ नए विकल्प विकसित किए जा सकते हैं।









