ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के बस्ती बावा खेल नहर के पास बनी झुग्गियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां अवैध कब्जे और बिजली चोरी के आरोपों को लेकर MP सिंह और एक महिला के बीच जमकर बहसबाजी हुई। इस दौरान महिला ने MP सिंह का विरोध करते हुए दावा किया कि वह पिछले 8 से 10 साल से यहां काम कर रही है और नियमित रूप से बिजली का बिल भरने के साथ प्रधान को भी पैसे देती है। वहीं, MP सिंह ने इलाके में अवैध झुग्गियां बनाने, बिजली की कुंडी लगाकर इस्तेमाल करने और नहर के आसपास गंदगी फैलाने के आरोप लगाए। घटना के दौरान मौके पर काफी हंगामा देखने को मिला।
नाबालिग द्वारा बीड़ी-सिगरेट बेचने को लेकर शुरू हुआ विवाद
MP सिंह के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली थी कि यहां एक खोखे पर नाबालिग के जरिए बीड़ी, सिगरेट और तंबाकू बेचा जा रहा है। उन्होंने इसका विरोध करते हुए नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने की बात कही और इस दौरान वीडियो भी बनाया। उनका दावा है कि इसी बात को लेकर महिला ने उनके साथ बहसबाजी शुरू कर दी।
वहीं, महिला पूनम देवी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मौके पर पहुंचे और बेवजह उनका विरोध करने लगे। महिला का कहना है कि घटना के दौरान वह छठ पूजा का पर्व मना रही थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति पर हथियार तान दिए गए और उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी गई।
महिला बोली- 8 से 10 साल से कर रही हूं काम
पूनम देवी ने बताया कि वह पिछले 8 से 10 साल से यहां काम कर रही है और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। महिला का दावा है कि वह बिजली का बिल भी भरती है और प्रधान को हर महीने पैसे देती है। उसने आरोप लगाया कि इससे पहले भी एक सिख व्यक्ति द्वारा यहां आकर हंगामा किया गया था। उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है और बिना पूरी बात जाने उनके खिलाफ वीडियो सोशल मीडिया पर डाली जा रही हैं।
MP सिंह ने अवैध कब्जे के लगाए आरोप
दूसरी तरफ, MP सिंह ने आरोप लगाया कि नहर के किनारे अवैध रूप से झुग्गियां बनाई गई हैं और बिजली की कुंडी डालकर दुकानों व अन्य कामों को चलाया जा रहा है। उन्होंने मौके पर जूतों की दुकान पर लगी बिजली की कुंडी भी दिखाई और सवाल उठाया कि इस तरह अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल कैसे किया जा रहा है। उनका कहना है कि इलाके के लोगों ने भी इन गतिविधियों को लेकर शिकायत की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि देर रात तक लाउडस्पीकर चलाए जाते हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोग परेशान हैं।
नहर की ग्रिल काटने और गंदगी फैलाने का भी मामला उठाया
MP सिंह ने नहर के आसपास की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, पहले नहर के किनारे अच्छी ग्रिल लगी हुई थी, लेकिन पर्व के दौरान करीब 18 ग्रिल काट दी गईं। उन्होंने पूछा कि इन्हें दोबारा कौन लगवाएगा और नहर के आसपास फैली गंदगी की सफाई की जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने धार्मिक स्वरूपों को नहर में बहाए जाने का मुद्दा भी उठाया। MP सिंह का कहना है कि नहर के आसपास सफाई और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।
पुलिस की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
MP सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस मामले को लेकर थाना प्रभारी (SHO) से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर द्वारा लागू नियमों के तहत कार्रवाई नहीं होने पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि इससे पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।









