कनाडा में पंजाबी युवक और गर्लफ्रेंड का सरेआम मर्डर, Mustang कार पर बरसाईं गोलियां

कनाडा के सरी शहर में पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों एक लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार में बैठे हुए थे, तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी सफेद रंग की सेडान कार को आग के हवाले कर मौके से फरार हो गए।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : कनाडा के सरी शहर में पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों एक लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार में बैठे हुए थे, तभी हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी सफेद रंग की सेडान कार को आग के हवाले कर मौके से फरार हो गए। कनाडा पुलिस ने इस घटना को टारगेटेड किलिंग बताया है। पुलिस के इस बयान के बाद मामले को गैंगवार से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

वॉलमार्ट की पार्किंग में कार पर बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी की यह घटना रविवार (15 नवंबर) रात करीब 10:38 बजे सरी शहर में हुई। 124 स्ट्रीट और 88 एवेन्यू पर स्थित वॉलमार्ट स्टोर के सामने पार्किंग में एक लाल रंग की स्पोर्ट्स कार खड़ी थी। कार में 23 वर्षीय पंजाबी युवक और उसकी 24 वर्षीय गर्लफ्रेंड मौजूद थे। इसी दौरान वहां पहुंचे हमलावरों ने कार को निशाना बनाते हुए गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर इमरजेंसी सर्विस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या के 13 मिनट बाद सफेद कार में लगाई आग
मामले की जांच कर रही इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) के अनुसार, गोलीबारी के करीब 13 मिनट बाद रात 10:51 बजे प्रिंसेस ड्राइव के 9700 ब्लॉक में एक सफेद रंग की सेडान कार में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस को शक है कि इस कार का इस्तेमाल हत्याकांड को अंजाम देने वाले हमलावरों ने किया था। शुरुआती आशंका है कि वारदात के बाद सबूत मिटाने और पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने कार को आग लगा दी। हालांकि, पुलिस अभी इस कार की भूमिका की जांच कर रही है। घटनास्थल पर मिली लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार मृतकों में से किसी एक की बताई जा रही है।

बेटे की हत्या की खबर सुनकर सदमे में पिता
इस हत्याकांड के बाद मृतक युवक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक के पिता ने बताया कि उन्हें आधे रास्ते में बेटे की हत्या की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक यह भी पता नहीं है कि बेटे की डेडबॉडी को कहां ले जाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *