ख़बरिस्तान नेटवर्क : देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। सोमवार सुबह प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंच गया। सुबह 7:31 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 800 दर्ज किया गया। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिकी AQI स्केल पर हवा की गुणवत्ता ‘हैजार्डस’ यानी बेहद खतरनाक श्रेणी में रही। प्रदूषण के कारण सुबह से ही राजधानी के कई इलाकों में धुंध की मोटी परत छाई रही।
जहरीली हवा के बीच धुंध ने बढ़ाई परेशानी
सोमवार सुबह दिल्ली में धुंध के कारण दृश्यता प्रभावित रही। इस दौरान राजधानी का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में प्रदूषण का स्तर इतना अधिक रहा कि लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सुबह के समय सड़कों और आसपास के इलाकों में धुंध का असर साफ दिखाई दिया।
प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव
प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली में प्रशासन की ओर से अलग-अलग इलाकों में पानी का छिड़काव किया जा रहा है। सराय काले खां सहित कई स्थानों पर सड़कों पर पानी डाला जा रहा है, ताकि धूल के कणों को हवा में फैलने से रोका जा सके और प्रदूषण के प्रभाव को कम किया जा सके।









