ख़बरिस्तान नेटवर्क : बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने जान से मारने की धमकी दी है। गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दोनों को निशाना बनाने की बात कही है। पोस्ट में उसने धमकी देते हुए लिखा कि वे चाहे कितने भी बुलेटप्रूफ केबिन बनवा लें, उन्हें गोली मार दी जाएगी। इस धमकी के बाद बच्चन परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
शार्पशूटर्स की गिरफ्तारी के बाद भी धमकी
गोल्डी ढिल्लों ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया है कि दिल्ली पुलिस द्वारा उसके दो साथियों को गिरफ्तार किए जाने के बावजूद अमिताभ बच्चन को निशाना बनाने की कथित साजिश पर कोई असर नहीं पड़ा है। उसने यह भी दावा किया कि मुंबई में उसके करीब 200 साथी एक्टिव हैं। हालांकि, उसके इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अमिताभ के घर फायरिंग की प्लानिंग में दो शार्पशूटर गिरफ्तार
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन के घर पर फायरिंग करने की कथित योजना के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक दिन पहले दो शार्पशूटर्स को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास ठाकुर और दीपक सिंह के रूप में हुई है। विकास ठाकुर जालंधर का रहने वाला है, जबकि दीपक सिंह तरनतारन का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद गोल्डी ढिल्लों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर अपने साथियों की गिरफ्तारी के बावजूद कथित साजिश जारी रहने का दावा किया है।
अमिताभ और अभिषेक की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
गैंगस्टर की ओर से अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन दोनों को निशाना बनाने की धमकी दिए जाने के बाद मामला गंभीर हो गया है। खास बात यह है कि धमकी ऐसे समय में सामने आई है, जब अमिताभ बच्चन के घर पर फायरिंग की कथित योजना को लेकर दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।









