ख़बरिस्तान नेटवर्क : जम्मू कश्मीर के लारू में सेना ने 2 आतंकियों को मार गिराया है। आतंकियों के साथ इस मुठभेड़ में 3 जवान भी घायल हो गए हैं। आतंकियों में एक लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर भी है। कश्मीर की पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इसकी जानकारी दी है।
सर्च ऑपरेशन के बाद आतंकियों को मार गिराया
सेना के एक अधिकारी के मुताबिक, आतंकियों की जानकारी मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की जॉइंट टीम ने इलाके में घेराबंदी की थी। तलाशी के दौरान संदिग्ध ठिकाने के पास पहुंचते ही छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। करीब 3 घंटे चली मुठभेड़ के बाद इन्हें मार गिराया। एनकाउंटर के दौरान सेना ने एनकाउंटर साइट के आसपास के स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घाटी में आखिरी लश्कर कमांडर की मौत
कश्मीर पुलिस के मुताबिक सेना की मुठभेड़ में मरने वाले आतंकी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट्ट और उसके साथी उमर के रूप में हुई है। लतीफ भट्ट घाटी में आखिरी लश्कर का कमांडर रह गया था, जिसे अब सेना ने मार गिराया है।
5 दिन पहले CRPF पर किया था हमला
आपको बता दें कि 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में आतंकियों के हमले में CRPF के तीन जवान घायल हुए थे। इसके बाद से सुरक्षाबल हमलावरों की तलाश में थे। आतंकी हमले का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है। इसमें हमलावर 15 सेकेंड के अंदर करीब 30 राउंड फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।









