जालंधर में पराली के ढेर में लगी भीषण आग, डेढ़ करोड़ का माल जलकर राख

जालंधर के शाहकोट-मलसियां रोड पर रविवार देर रात पराली की गांठों में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। बत्रा कोल्ड स्टोर के पास लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में मुक्तसर के एक बेलर कारोबारी की करीब डेढ़ करोड़ रुपये की पराली जलकर राख हो गई।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के शाहकोट-मलसियां रोड पर रविवार देर रात पराली की गांठों में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। बत्रा कोल्ड स्टोर के पास लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में मुक्तसर के एक बेलर कारोबारी की करीब डेढ़ करोड़ रुपये की पराली जलकर राख हो गई। आग बुझाने के लिए दूसरे शहरों से दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं, क्योंकि शाहकोट की अपनी फायर ब्रिगेड की गाड़ी पिछले करीब एक साल से खराब पड़ी है।

देखते ही देखते आग ने लिया विकराल रूप
जानकारी के मुताबिक, मुक्तसर की एक पार्टी ने बत्रा कोल्ड स्टोर के पास जमीन ठेके पर ली हुई थी। इस जमीन पर बड़ी मात्रा में पराली की गांठें इकट्ठी करके रखी गई थीं। रविवार देर रात अचानक पराली में आग लग गई। कुछ ही समय में आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं और बड़ी मात्रा में जमा पराली इसकी चपेट में आ गई। सड़क से गुजर रहे लोगों ने आग की लपटें देखकर तुरंत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाकों में भी चिंता का माहौल बन गया।

शाहकोट की फायर ब्रिगेड खराब, दूसरे शहरों से बुलानी पड़ीं गाड़ियां
इस घटना के दौरान शाहकोट में दमकल व्यवस्था की स्थिति भी सामने आई। स्थानीय फायर ब्रिगेड की गाड़ी पिछले एक साल से खराब होने के कारण आग बुझाने के लिए नकोदर, जालंधर और सुल्तानपुर लोधी से दमकल की गाड़ियां मंगवानी पड़ीं।

दमकल टीमों को मौके पर पहुंचने और आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। थाना शाहकोट में तैनात ASI अमनदीप सिंह घुम्मन ने बताया कि अलग-अलग स्थानों से बुलाई गई दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर करीब 80 प्रतिशत तक काबू पा लिया गया है।

सरपंच ने जताई साजिश की आशंका, प्रशासन पर उठाए सवाल
गांव जाफरवाल के सरपंच हरदीप सिंह चंदी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद उन्होंने खुद अधिकारियों को फोन करके स्थिति से अवगत कराया था। सरपंच ने आशंका जताई कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर पराली में आग लगाई हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सूचना देने के काफी समय बाद तक कोई वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएम या कृषि विभाग का अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

पराली मालिक से संपर्क करने की कोशिश में पुलिस
पुलिस के मुताबिक, जिस पराली में आग लगी है, उसके मालिक मुक्तसर के रहने वाले हैं। फिलहाल उनका संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं हो पाया है, जिसके चलते उनसे संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। पराली मालिक के घटनास्थल पर पहुंचने और उनके बयान दर्ज होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *