ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित भाजपा की ‘सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा’ आज शुरू होने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गांव रायपुर रसूलपुर से दोपहर में इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा जालंधर से शुरू होकर 2,558 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 3 दिसंबर को वाराणसी में संपन्न होगी।
7 राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा
भाजपा की यह 16 दिवसीय यात्रा 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यात्रा के समापन पर वाराणसी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है।
धार्मिक और सामाजिक आयोजन के रूप में पेश करेगी भाजपा
भाजपा के प्रदेश सचिव एवं जालंधर प्रभारी सूरज भारद्वाज ने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह धार्मिक और सामाजिक आयोजन है। इसे किसी राजनीतिक रैली के रूप में आयोजित नहीं किया जा रहा है। इसी वजह से यात्रा के शुभारंभ के लिए तैयार किए गए पंडाल में भाजपा के झंडे नहीं लगाए जाएंगे। कार्यक्रम के लिए मंच को दो हिस्सों में तैयार किया गया है। इसमें संत समाज के प्रतिनिधियों को ऊपर की तरफ स्थान दिया जाएगा, जबकि भाजपा नेता दूसरी पंक्ति में बैठेंगे। आयोजन में संत समाज की भूमिका को प्रमुखता दी जाएगी।
दोपहर 1:10 बजे डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे नितिन नबीन
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन दोपहर 1:10 बजे जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां पहुंचेंगे। यहां वे संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के मंदिर में माथा टेकेंगे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:35 बजे वे जालंधर-पठानकोट जीटी रोड पर डेरा सचखंड बल्लां के नजदीक स्थित गांव रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस दौरान वे कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।
संत समाज के साथ सहभोज और संवाद करेंगे भाजपा अध्यक्ष
यात्रा के शुभारंभ के बाद नितिन नबीन दोपहर 2:55 बजे गांव रायपुर में संत समाज के साथ सहभोज करेंगे। इसके साथ ही वे संतों के साथ संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। भाजपा इस आयोजन के जरिए संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को देशभर में पहुंचाने की बात कह रही है।
श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती सालभर मनाएगी भाजपा
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर सालभर चलने वाले उत्सव के रूप में मना रही है। इसी कड़ी में जालंधर से शुरू होने वाली यह यात्रा 2,558 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए 3 दिसंबर को वाराणसी पहुंचेगी। सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरने वाली इस यात्रा का समापन काशी में होगा।









