ख़बरिस्तान नेटवर्क : बिहार के बेतिया में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेंको गोल्ड एंड डायमंड ज्वेलरी शोरूम को हथियारबंद बदमाशों ने निशाना बनाया। तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे करीब 8 अपराधियों ने शोरूम में घुसकर कर्मचारियों को हथियारों के बल पर काबू किया और करोड़ों रुपये के गहने लूटकर फरार हो गए।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों और नकदी की कीमत करीब 30 से 40 करोड़ रुपये होने की आशंका जताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
हथियार लेकर शोरूम में घुसे बदमाश, कर्मचारियों को धमकाया
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 6 से 8 हथियारबंद अपराधी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शोरूम पहुंचे थे। अंदर दाखिल होते ही उन्होंने कर्मचारियों को बंदूक और अन्य हथियार दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से शोरूम में मौजूद कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बदमाशों ने सभी को डराकर अपने कब्जे में ले लिया और इसके बाद दुकान में रखे कीमती आभूषण समेटने लगे।
सोने-चांदी के गहने और कैश लेकर हुए फरार
लुटेरों ने शोरूम में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषणों के साथ नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया। कर्मचारियों के मुताबिक, अपराधी दुकान में रखे लगभग सभी गहने और कैश अपने साथ ले गए हैं। अनुमान के अनुसार, लूटे गए सामान की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है। हालांकि, लूट की वास्तविक रकम और सामान का पूरा ब्योरा जांच और आकलन के बाद ही सामने आएगा।
विरोध करने पर कर्मचारी को बंदूक की बट से पीटा
लूटपाट के दौरान बदमाशों ने शोरूम के कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। बताया जा रहा है कि जब एक कर्मचारी ने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने उसे बंदूक की बट से बुरी तरह पीट दिया। इस हमले में कर्मचारी घायल हो गया। हथियारों के दम पर हुई इस वारदात के बाद शोरूम में काम करने वाले कर्मचारियों के बीच दहशत का माहौल है।









