ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि NDA के पुराने साथी अकाली दल की वापसी से गठबंधन परिवार पूरा हो गया है। दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी।
अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता अटूट रहा है। यह गठबंधन दोस्ती, भाईचारे और आपसी विश्वास की मिसाल बनेगा। उन्होंने साफ किया कि अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और बड़े भाई का ही मुख्यमंत्री बनेगा।
अकाली दल की NDA में वापसी से गठबंधन पूरा हुआ: अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि NDA के पुराने साथी एक बार फिर हमारे साथ आ गए हैं। सुखबीर सिंह बादल के गठबंधन में शामिल होने से NDA परिवार संपूर्ण हो गया है। उन्होंने अकाली दल का NDA परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों का रिश्ता हमेशा मजबूत और अटूट रहा है। यह सिर्फ चुनावी गठबंधन नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को बेहतर बनाने की साझी कोशिश है। दोनों पार्टियां मिलकर राज्य में विकास, शांति और भाईचारे को मजबूत करने के लिए काम करेंगी।
31 दिसंबर 2029 तक पंजाब से नशा खत्म करने का लक्ष्य
गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करना गठबंधन का मुख्य लक्ष्य बताया। उन्होंने ऐलान किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब से नशे का पूरी तरह खात्मा करने का लक्ष्य रखा गया है। पंजाब में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जाएगा। राज्य के किसानों और नौजवानों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। बेरोजगारी, आर्थिक विकास और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए अगले तीन महीनों में एक रोडमैप तैयार किया गया है। आने वाली सरकार इसी रोडमैप के आधार पर काम करेगी।
अमित शाह ने मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब में NDA की सरकार बनेगी।
करतारपुर कॉरिडोर और बंदी सिखों की रिहाई पर भी बोले अमित शाह
अमित शाह ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने इसे बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद कॉरिडोर को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। समस्या का समाधान होते ही इसे तुरंत खोल दिया जाएगा। मेरी इच्छा है कि हिंदू और सिख दोनों समुदायों के लोग करतारपुर साहिब जाकर माथा टेक सकें।
वहीं, बंदी सिखों की रिहाई के मुद्दे पर अमित शाह ने कहा कि भाजपा और अकाली दल आपस में बातचीत करके इसका कोई समाधान निकालेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों पर काम करेंगी। गठबंधन के चुनावी घोषणा पत्र में भी कई महत्वपूर्ण ऐलान किए जाएंगे।
सुखबीर बादल बोले- यह राजनीतिक नहीं, भावनात्मक गठबंधन है
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन के ऐलान के दौरान कहा कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पवित्र अवसर पर यह नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने देशवासियों और संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक गठबंधन है। अकाली दल और भाजपा का रिश्ता नाखून और मांस जैसा है। जब भी दोनों पार्टियां एक साथ सत्ता में रही हैं, पंजाब में शांति और भाईचारा कायम रहा है। अकाली दल देश की दूसरी सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी है। देश की आजादी की लड़ाई से लेकर इमरजेंसी के
विरोध तक पार्टी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
प्रकाश सिंह बादल और अटल बिहारी वाजपेयी ने 1996 में जोड़ा था रिश्ता
सुखबीर बादल ने पुराने गठबंधन को याद करते हुए कहा कि उनके पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल तथा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने वर्ष 1996 में दोनों पार्टियों के बीच रिश्ते की नींव रखी थी। यह केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच बना रिश्ता था। आज पंजाब की परिस्थितियों को देखते हुए इस रिश्ते को दोबारा मजबूत करने की जरूरत है।
कांग्रेस और AAP पर साधा निशाना, पंजाब को बर्बाद करने का लगाया आरोप
सुखबीर बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 5 साल कांग्रेस और 5 साल आम आदमी पार्टी के शासन में पंजाब को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल की टीम पंजाब को लूट रही है और राज्य में विकास नाम की कोई चीज दिखाई नहीं दे रही। पंजाब की जवानी, किसानी, व्यापारियों और मजदूरों को बचाने की जरूरत है। इसके लिए डबल इंजन सरकार जरूरी है। उनका कहना था कि गठबंधन का मुख्य मिशन पंजाब से नशे को खत्म करना और राज्य को दोबारा खुशहाल बनाना है।
सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब के किसानों और सिख कौम से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के साथ उनकी इन विषयों पर बातचीत हुई है। दोनों नेताओं ने भरोसा दिया है कि मिल-बैठकर समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा, क्योंकि अब दोनों पार्टियां एक परिवार की तरह हैं।
पंजाब के गौरवशाली दौर को वापस लाने का किया दावा
सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब के युवाओं ने देश की आजादी से लेकर विभिन्न युद्धों तक में बड़ी कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने दावा किया कि अकाली दल और भाजपा मिलकर पंजाब का गौरवशाली दौर वापस लाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अपने पिता प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल में स्थापित भाईचारे और शांति के माहौल को दोबारा कायम करने की बात कही। सुखबीर बादल ने 8 दिसंबर को प्रकाश सिंह बादल की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पंजाब आने का न्योता दिया।
AAP को सिंगल डिजिट सीटें मिलने का दावा
गठबंधन के ऐलान के दौरान सुखबीर बादल ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में AAP की सीटें सिंगल डिजिट में भी नहीं पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और गठबंधन राज्य में नई सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगा।









