खबरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में मौसम विभाग ने प्री मानसून की बारिश का येलो एलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ समेत पंजाब के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो रही है। जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला में सुबह उमस भरी गर्मी थी, लेकिन करीब नौ बजे हलके बादल छा गए। धूप आंख मिचौली खेल रही है।
वहीं मोहाली में बादल छाए हुए हैं।अगले 3 दिन में मानसून पंजाब में पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार मानसून मध्य राजस्थान में एक्टिव है और हिमाचल प्रदेश की ओर भी तेजी से बढ़ रहा है। पंजाब में आज भी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों में पंजाब में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर, लुधियाना, फरीदकोट और जालंधर में भी तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा है। आज भी तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
लेकिन अगले 24 घंटों के बाद तापमान में फिर से 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 19 जून 2025 तक पंजाब में प्रीमानसून की औसतन बारिश 26.65 मिमी हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 45 से 50 मिमी मानी जाती है। यानी इस बार 40% से ज्यादा बारिश की कमी दर्ज की गई है।
चार दिन का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट है। लुधियाना, पटियाला, जालंधर, नवांशहर, अमृतसर, संगरूर, रूपनगर, मानसा समेत कई जिलों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना।
मानसून सक्रिय रहने की संभावना के साथ अधिकांश जिलों में चेतावनी जारी की गई है।