खबरिस्तान नेटवर्क। पंजाब में एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आज और कल (20 मार्च) कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह बदलाब वेस्टर्न डिस्टर्बन्स के कारण हो रहा है, जो दक्षिण-पूर्वी ईरान के आसपास चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार तापमान में अभी और बढ़ोतरी हो सकती है और इसमें तीन से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। आज फाजिल्का, मुक्तसर साहिब, फरीदकोट और पठानकोट जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। हालाकि, इस महीने अब तक औसत से 51% कम बारिश हुई है। मार्च में इस समय तक 15.4 मिमी बारिश हो जाती है, जबकि इस बार केवल 7.6 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है।
चंडीगढ़ के लिए कोई अलर्ट नहीं
वहीं पिछले 24 घंटों में राज्य का औसत अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है, जिससे यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ के लिए आज कोई अलर्ट नहीं है।