ख़बरिस्तान नेटवर्क : मध्य प्रदेश से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां जबलपुर के चरगवां थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गई। जानकारी के अनुसार कार में सवार लोग बकरे की बली देने जा रहे थे, लेकिन खुद हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए।
पुल की रेलिंग से टकराने के बाद नदी में गिरी कार
रिपोर्ट्स के अनुसार, चालक ने तेज रफ्तार वाहन पर से अचानक नियंत्रण खो दिया। जिसके कारण कार पुल की रेलिंग से टकराने के बाद नदी में गिर गई। घटना कल दोपहर करीब 3.30 से 3.45 बजे हुई। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायलों को इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में मृतकों की हुई पहचान
कार में सवार लोग एक बकरा भी ले जा रहे थे। हालांकि बकरा दुर्घटना में बच गया। चारों मृतक चौकीताल गांव के निवासी हैं। मृतकों की पहचान किशन पटेल, महेंद्र पटेल, सागर पटेल और राजेंद्र पटेल के रूप में हुई है।