ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में पूर्व भाजपा मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड से हमला करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार कर लिया था। आज दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने पुलिस को आरोपियों का 6 दिन का रिमांड दे दिया है।
ये हैं हमले के मास्टरमाइंड
डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि मनोरंजन कालिया के घर पर हमले का मास्टरमाइंड जीशान अख्तर है। जीशान अख्तर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी साथी है और उसने ही मुंबई में कांग्रेस नेता बाबा सिद्दीकी का मर्डर भी करवाया था। इस मामले में वह वांटेड भी है और पुलिस उसकी तलाश में हैं। यह हमला पंजाब में धार्मिक भाईचारे को बिगाड़ने की कोशिश में किया गया था।
सुरक्षा एजेंसियों को मिली थी हमले की इनपुट
सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस को 48 दिन पहले यह इनपुट दे दिया था कि पंजाब में किसी हिंदू नेता को निशाना बनाया जा सकता है। जिसके बाद स्टेट इंटेलिजेंस अलर्ट हो गई थी। पर उन्हें बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि यह हमला मनोरंजन कालिया पर होगा। क्योंकि अपने राजनीतिक करियर में वह किसी विवाद में नहीं पड़े थे और उनकी छवि बिल्कुल साफ थी।
केंद्र ने पंजाब में भाजपा नेताओं की बढ़ाई सुरक्षा
मनोरंजन कालिया पर हुए हमले के बाद केंद्र ने पंजाब में भाजपा नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई है। केंद्र ने कालिया समेत 11 भाजपा नेताओं को वाई प्लस सुरक्षा मुहैया करवाने का फैसला लिया है। इससे पहले पंजाब में 13 भाजपा नेताओं को केंद्र की तरफ से सुरक्षा मिली हुई है।
सोमवार रात 2 बजे की है घटना
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि पहले हमलावर मनोरंजन कालिया के घर की रेकी करते हैं। फिर उसके बाद करीब 2 बज कर 3 मिनट पर ग्रेनेड फेंक कर फरार हो जाते हैं। इस दौरान जोरदार धमाका होता है और चिंगाड़ियां भी निकलती हैं। इस धमाके से पूर्व मंत्री के घर के अंगन में काफी तबाही हुई है। हालांकि, किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई है।