पंजाब में अक्टूबर के तीसरे सप्ताह के अंत में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक होता है। पिछले एक सप्ताह से कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री और रात का तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक चल रहा है। रविवार को भी लुधियाना, पटियाला, चंडीगढ़, बठिंडा, फरीदकोट, गुरदासपुर में रात का तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि दिन के तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
25 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में 25 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा। 27 अक्टूबर को बादल और हल्की बारिश की संभावना है, जिसके बाद पंजाब में मौसम बदल सकता है। ऐसे में पाकिस्तान में वेस्टर्न डिस्टर्बन्स की स्थिति बन सकती है। इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिवाली से पहले पंजाब में ठंड शुरू हो जाएगी। हालांकि, सुबह के समय अभी भी हल्की ठंड का अहसास हो रहा है, लेकिन दिन में गर्मी बनी हुई है।
पंजाब में 1,393 मामले सामने आए पराली जलाने के
पराली जलाने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे पर्यावरण की चिंता बढ़ गई है। आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, 15 सितंबर से 19 अक्टूबर तक पराली जलाने की कुल 2,733 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें से अधिकतर मामले पंजाब में दर्ज किये गये हैं।
पंजाब में 1,393 मामले सामने आए, जो बाकी सभी जिलों से दोगुना है। इसके बाद यूपी का नंबर है, जहां पराली जलाने के 687 मामले सामने आए हैं। जबकि हरियाणा में 642 और दिल्ली में 11 मामले सामने आए हैं।
हरियाणा के 8 जिलों में जहरीली हुई हवा
वहीं हरियाणा में बढ़ते प्रदूषण के कारण हवा जहरीली हो गई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी बुलेटिन के हिसाब से हरियाणा के 8 जिलों में प्रदूषण खराब स्थिति में पहुंच गया है यहां AQI 200 से ऊपर दर्ज किया गया है। बढ़ते स्मॉग के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। प्रदेश में सोनीपत का AQI सबसे अधिक 249 दर्ज किया गया है। इसके अलावा भिवानी में AQI 233 रहा।वहीं हिसार, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरूक्षेत्र, पानीपत, रोहतक में भी हवा की क्वालिटी काफी खराब रही।