पंजाबी म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के खिलाफ अब सिंगर काका ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। सिंगर काका ने पिंकी धालीवल व गुरकरन धालीवाल के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात, संपत्ति का दुरुपयोग, जालसाजी जबरन वसूली और कॉपीराइट अधिनियम और आईटी अधिनियम के उल्लंघन सहित कई आपराधिक मामले दर्ज करवाएं हैं।
करियर खत्म करने की कोशिश की गई
सिंगर काका ने कहा कि म्यूजिक चैनल बनाकर कंपनियां पैसे कमाती हैं, हमें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। मेरा करियर तक खराब करने की कोशिश की गई। हम सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। लगातार धमकाया जा रहा है।
पिंकी धालीवाल के खिलाफ सुनंदा शर्मा ने खोला था मोर्चा
आपको बता दें कि सुनंदा शर्मा ने पिंकी धालीवाल के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपनी आपबीती सुनाई थी। जिसके बाद पुलिस ने उन पर केस दर्ज कर लिया। केस दर्ज करने के बाद पिंकी धालीवाल को गिरफ्तार भी कर लिया गया। हालांकि हाईकोर्ट ने इस गिरफ्तारी को अवैध बताया और उन्हें रिहा कर दिया गया।
सुनंदा ने गिरफ्तारी के बाद की थी यह पोस्ट
सुनंदा शर्मा ने लिखा था ये मसला किसी कॉन्ट्रैक्ट और पैसों का नहीं, ये मसला मुझे जहनी तौर पर बीमार करने का। ये हर उस कलाकार का मसला है, जो एक आम परिवार से संबंध रखता है। आम परिवार से आया एक कलाकार सपने देखता है और ऐसे मगरमच्छ उन्हें अपने जाल में फंसा लेते हैं। ऐसे लोग हमसे कड़ी मेहनत करवाते हैं और इससे अपना घर भरते हैं। साथ ही कलाकार को मंगतों (भिखारी) की तरह ट्रीट करते हैं। फिर कहते हैं कि मैंने इन्हें रोटी दी है।
खुद को भगवान समझने लग गए थे
सुनंदा ने आगे लिखा कि हे वाहेगुरु तेरे बनाए लोग अपने आपको आपसे ऊपर समझने लग गए हैं। मैं कमरे में अकले रहकर रोई हूं। कई बार मैंने अपने आप को खत्म करने की कोशिश की। मगर मैं हंसती हुई लोगों के सामने आ जाती थी। मैं इस बात को समझदार थी कि किसी के सामने अपना दुख नहीं रोया। अगर रोती तो कोई और मगरमच्छ मेरे पीछे लग जाता। पता नहीं मेरे जैसे कितने और लोगों को ऐसे लोग शिकार बना चुके हैं। सभी साथ मिलकर आओ, ये हमारा दौर है, हमारी मेहनत है और इसका फल हमें ही मिलना चाहिए। ये एकजुट होने का वक्त है।