पंजाब में एक बार फिर से बारिश का दौर शुरू होने वाला है। वेस्टर्न डिस्टर्बन्स भी सक्रिय हो गया है, हालांकि इसका असर मैदानी इलाकों में नहीं दिख रहा है, लेकिन पंजाब के मैदानी इलाकों में 12 से 15 मार्च तक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पंजाब में गर्मी और बढ़ने की संभावना है।
12 मार्च के बाद पड़ेगा वेस्टर्न डिस्टर्बन्स का असर
बता दें कि पंजाब में 9 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बन्स सक्रिय हो गया है, लेकिन इसका असर फिलहाल पहाड़ी इलाकों में ही देखने को मिल रहा है। हिमाचल से सटे जिलों में सुबह हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही सूरज भी निकल आया। इस नए वेस्टर्न डिस्टर्बन्स का असर मैदानी इलाकों पर 12 मार्च के बाद पड़ेगा।
बारिश का येलो अलर्ट जारी
वहीं पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में 13-14 मार्च को तूफान के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 13 तारीख को पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 14 मार्च को पंजाब के 13 जिलों में बारिश की संभावना है।
पंजाब में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है, जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार औसत न्यूनतम तापमान में भी 5.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।