India is going to get such a weapon, which will attack the enemies secretly in the sky : पहली बार 'अदृश्य लड़ाकू विमान' भारत आने वाला है। 10 फरवरी से बेंगलुरु में एयरो इंडिया शो शुरू होगा। जिसमें रूस का लेटेस्ट फाइटर जेट भी शामिल होगा। इस फाइटर प्लेन का नाम सुखोई-57 फाइटर जेट है और यह पहली बार भारत के आसमान में नजर आएगा। रूस का यह एडवांस फाइटर जेट एयरो इंडिया 2025 में उड़ान भरेगा। माना जा रहा है कि भारत अपनी सुविधा के हिसाब से रूस के इस प्रस्ताव को स्वीकार कर सकता है।
पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट
कुछ दिन पहले इसने चीन में हुए एयर शो में भी हिस्सा लिया था। सुखोई-57 पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट है जिसे खास तरीके से बनाया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत दुश्मन के रडार को धोखा देने की क्षमता है, यानी यह रडार तरंगों के लिए अदृश्य हो जाता है।
सुखोई-57 जेट से सफल हवाई हमले
आपको बता दें कि, रूस ने यूक्रेन युद्ध में भी सुखोई-57 जेट से बेहद सफल हवाई हमले किए हैं। बताया जा रहा है कि, इस साल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी भारत आने वाले हैं और रूस ने भारत को इन विमानों के संयुक्त उत्पादन की पेशकश की है।
बेंगलुरु में दिखेगी भारत की ताकत
बेंगलुरू में आगामी 'एयरो इंडिया शो 2025' के मद्देनजर केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन 5 से 14 फरवरी तक प्रभावित रहेगा। केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (BIAL) ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है।
आगामी एयरो इंडिया शो 2025
BIAL ने कहा था कि '5 से 14 फरवरी तक रोजाना कुछ घंटों के लिए हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक विमानों का संचालन प्रभावित होगा। ऐसा वायुसेना केंद्र में आगामी एयरो इंडिया शो 2025 के कारण हो रहा है।'
BIAL ने यात्रियों को दी ये सलाह
BIAL ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे उड़ान कार्यक्रम में बदलाव के बारे में संबंधित एयरलाइन से जानकारी लें। 'एयरो इंडिया' भारत की प्रतिष्ठित हवाई और रक्षा प्रदर्शनी है जहां वैश्विक विमानन क्षेत्र और भारतीय वायुसेना के लोग हवा में विमानों के करतब से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं।