गुजरात दौरे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के नेताओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। उनके एक बयान ने पार्टी में चल रही मन-मुटाव की खबरों पर मोहर लगा दी है। राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस की लीडरशिप में दो तरह के लोग हैं और उनमें बंटवारा है। एक जनता के साथ खड़े हैं और दूसरे जनता से कटे हुए हैं, उसमें आधे से ज्यादा बीजेपी से मिले हुए हैं।
कांग्रेस में नेताओं की कमी नहीं
राहुल ने कहा मेरी जिम्मेदारी है कि जो ये दो ग्रुप हैं इनको छांटना है। कांग्रेस में नेताओं की कमी नहीं है। बब्बर शेर हैं लेकिन पीछे से चेन लगी हुई है तो वे चेन से बंधे हैं। यहां रेस के घोड़ों को बारात में बांध दिया जाता है। कांग्रेस में नेताओं की कमी नहीं है। जिला स्तर, ब्लॉक स्तर पर नेता हैं, बब्बर शेर हैं लेकिन पीछे से चेन लगी हुई है तो वे बंधे हैं।
लोगों को निकालना भी पड़ा तो ये करेंगे
उन्होंने आगे कहा कि जनता ये देख रही है। हमें जनता से रिश्ते बनाना है तो पहला काम होगा कि, ग्रुप को अलग करना होगा। 30-40 लोगों को निकालना पड़े तो ये भी करेंगे। बीजेपी के लिए अंदर से काम कर रहे हो, जाओ बाहर जाकर करो।
बता दें कि राहुल गांधी दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं। शनिवार को दौरे का दूसरा दिन है। उन्होंने अहमदाबाद के जेड हॉल में प्रदेश के करीब 2 हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। महिला दिवस के मौके पर राहुल गांधी ने महिला कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।