सिख फॉर जस्टिस के मुखिया व खालिस्तान समर्थक आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब में भाजपा उम्मीदवारों को जान से मारने की धमकी दी है। पन्नू ने लुधियाना से भाजपा उम्मीदवार रवनीत सिंह बिट्टू और फरीदकोट से उम्मीदवार हंसराज हंस को धमकी दी है। उसने कहा कि बिट्टू और हंसराज हंस सुन लें, ये पंजाब है, यहां कत्ल का बदला कत्ल होता है।
बिट्टू को कहा- अपने दादा बेअंत सिंह को याद कर लो
पन्नू ने धमकी देते हुए कहा कि रवनीत बिट्टू और हंसराज हंस ध्यान से सुन लें। तुमने पंजाब के किसानों को हत्या करने की धमकी दी है। ये पंजाब है, यहां कत्ल का बदला कत्ल होता है। बिट्टू अपने दादा बेअंत सिंह को याद कर ले। अगर एक भी किसान का कत्ल हुआ तो उसका बदला कत्ल से होगा।
किसानों के विरोध पर बिट्टू और हंसराज ने दिया था विवादित बयान
आपको बता दें कि पंजाब में किसान लगातार भाजपा उम्मीदवारों का विरोध कर रहे हैं। किसानों के विरोध प्रदर्शन पर हंसराज हंस ने कहा था कि बंदे बनना नहीं जूतों के बिना। 2 तारीख होने दो, इन्हें देखना जूते कैसे पड़ते हैं। जबकि बिट्टू ने कहा था कि किसान झंडिया लेकर खड़े हो जाते हैं और गांव में आने नहीं देते। अकेले-अकेले का हिसाब रखा जाएगा।
किसानों को भड़का भी चुका है पन्नू
पन्नू पीएम मोदी की पंजाब रैली को लेकर किसानों को भड़का भी चुका है। पन्नू ने कहा था कि नरेंद्र मोदी पंजाब आ रहे हैं। किसानों को इन्हें रोकना होगा। जो कील पंजाब की जमीन में ठोकी हैं, ये ही इनकी छाती पर ठोकनी हैं। नरेंद्र मोदी के काफिले को रोकने के लिए सड़कें व एयरपोर्ट को घेर लेना चाहिए।