ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के गुरु नानकपुरा वेस्ट के इलाके में 9 साल के आरव की करंट लगने से मौत हो गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वहीं अब बच्चे के पिता ने करंट लगने की घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे आरव ने तार पर कुछ नहीं फेंका था बल्कि पक्षी के गिरने के कारण उसको करंट लगा।
पक्षी के गिरने के कारण झुलसा आरव
बच्चे के पिता छोटे लाल ने बताया कि वह काम पर गए हुए थे। उनका बेटा आरव और आस-पास के बच्चे पास के ही पार्क में पत्थरों से खेल रहे थे। पार्क में बिजली की तारें काफी नीचीं हैं और सिर्फ झुग्गी में रहने वाले बच्चे ही वहां पर खेलने जाते हैं। इस दौरान तारों पर बैठा पक्षी जलकर बेटे के ऊपर आ गिरा और उसके कपड़ों में आग लग गई। जिस कारण वह पूरी तरह से झुलस गया। जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
गंभीर हालत में अमृतसर रेफर किया गया
सिविल अस्पताल में भर्ती करवाने के बाद डॉक्टरों ने आरव को अमृतसर रेफर कर दिया। जहां ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। छोटे लाल का कहना है कि बच्चे के साथ ऐसा होगा कभी इसके बारे में सोचा भी नहीं था।
तारों के नीचे होने के कारण हुआ हादसा
वहीं इलाका निवासी रमेश बाबा का कहना कि यह घटना उनके आंखों के सामने ही हुई है। पार्क में बिजली की तारें काफी नीचे आई हुई हैं। बच्चे आपस में खेल रहे थे। इस दौरान आरव ने कुछ फेंकी, हालांकि उसने बिजली की तारों के ऊपर कुछ नहीं फेंका था। पिछले 30 सालों से यहां रह रहें हैं पहले कभी ऐसा हादसा नहीं हुआ, इसलिए हमने बिजली विभाग को कभी इसकी शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।
शुक्रवार 2 बजे की है घटना
बता दें कि घटना शुक्रवार दोपहर 2 बजे की है। जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है जिसमें देखा जा सकता है कि आरव ने जैसे ही पार्क में खेलते हुए 66 केवी लाइन पर रस्सी से पत्थर बांधकर फेंका, इस दौरान जोरदार धमाका हो गया और हादसे में करंट लगने से बच्चा बुरी तरह से झुलस गया। जिसकी आज ईलाज के दौरान मौत हो गई।