उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बुधवार की सुबह डबल डेकर बस और टैंकर की टक्कर हो गई। जिसके कारण18 यात्रियों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में 30 से ज्यादा लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार शिकार स्लीपर बस बिहार के शिवहर से दिल्ली की तरफ जा रही थी।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर दूध कंटेनर से टकराई है, जिसके बाद यह हादसा हुआ है। सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस रेस्क्यू में जुट गई। हादसे की वीडियो भी सामने आई हैं। इसमें अस्पताल के बाहर रखी गई लाशें दिख रही हैं। डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे।
बस ओवरटेक करते समय टैंकर से टकराई
पुलिस ने बताया कि बस दूध के टैंकर को ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान बेकाबू होकर टैंकर को टक्कर मारते हुई पलट गई। बस में करीब 59 यात्री सवार थे। बस हादसे में घायल युवक ने बताया- हादसे के वक्त बस में सभी सो रहे थे और बस की स्पीड काफी तेज थी। लोगों ने कई बार ड्राइवर से कहा कि बस धीरे चलाइए, लेकिन वह नहीं माना। फिर अचानक बहुत तेज आवाज आई। देखा तो बस के शीशे टूट गए थे। लोग बाहर सड़क पर पड़े थे।
उन्नाव पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रशासन की ओर से इस दुखद हादसे में घायलों के इलाज की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। उन्नाव पुलिस ने 18 मौतों की पुष्टि की है। वहीं इस घटना के संबंध में इन नंबरों से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
0515-2970767
9651432703
9454417447
8887713617
8081211289
मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये देगा PMO
PMO इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। पीएम मोदी ने एक्सीडेंट को लेकर कहा, उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख
इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख जताया है। राष्ट्रपति की ओर से इस घटना पर संदेश जारी किया गया है। राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखदाई है। ऐसी आकस्मिक मृत्यु का शिकार हुए लोगों के परिवार के सदस्यों के प्रति मैं गहन शोक संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।