ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में कांग्रेस ने नगर निगम ऑफिस के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने पंजाब सरकार और जालंधर नगर निगम के मेयर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने यह प्रदर्शन शहर की खस्ता हालत और निगम की कारगुजारी के कारण किया।
शहर में कोई सुधार नहीं देखने को मिल रहा
कांग्रेस के विधायक बावा हैनरी ने कहा कि दो महीने पहले भी नगर निगम ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया था और ऑफिस को ताला भी लगाया था। तब हमें कहा गया था कि शहर में अच्छे से काम करवाया जाएगा। लेकिन अभी तक शहर में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है और स्थिति पहले के जैसी ही है। शहर में पीने के पानी, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, कूड़ा और अन्य कई प्रदर्शन की समस्याओं से शहर के लोगों को जूझना पड़ रहा है।
नगर निगम में करप्शन चर्म पर
उन्होंने आगे कहा कि नगर निगम में करप्शन एकदम चर्म पर पहुंच गया है। पहले हम सोचते थे कि पहले सिर्फ इंप्रूवमेंट ट्रस्ट में ही करप्शन था, पर नगर निगम ने तो उसके भी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कई बार मुद्दे उठाने के बाद भी, जालंधर के मेयर और नगर निगम के कमिश्नर ने करप्शन को बढ़ावा दिया है।
कई जगह बिना बारिश के जलभराव होता है
विधायक बावा हैनरी ने कहा- देश में किसी भी जगह पर बारिश होती है तो पानी भर जाता है, मगर हमारा शहर बिना बारिश के ही भर जाता है। राम नगर, गाजी गुल्ला, बचिंत नगर, रेरू सहित अन्य कई इलाके ऐसे हैं, जहां पर बिना बारिश के पानी भरता है और लोग पिछले डेढ़ साल से परेशान हैं। हमने इस परेशानी को लेकर हर अधिकारी का दरवाजा खटखटाया गया। मगर कोई भी समस्या का हल नहीं किया गया।