ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में बार-बार टोल प्लाजा बंद होने के कारण केंद्र सरकार को काफी नुकसान पहुंचा है। इसे लेकर केंद्र ने पंजाब से अपनी नाराजगी जाहिर की है। परिवहन मंत्रालय ने इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्य सचिव एपी सिन्हा को पत्र लिखकर बताया कि बीते अक्टूबर 2020 से लेकर नंबर 2024 केंद्र को 1638.85 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। यह नुकसान पंजाब में टोल प्लाजा बंद होने के कारण हुआ है।
NHAI की परियोजनाओं पर बुरा असर
पंजाब सरकार को मिले पत्र में लिखा गया कि टोल प्लाजा की वसूली के दौरान बार-बार रुकावटें आ रही हैं। जिस कारण नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की परियोजनाओं के निर्माण में बुरा असर पड़ रहा है। इससे केंद्र को काफी नुकसान भी पहुंचा है।
पंजाब से वसूली करने पर विचार
इसके साथ ही यह लिखा गया है कि केंद्र सरकार इस नुकसान की भरपाई के लिए पंजाब सरकार से करने पर सोच रहा है। क्योंकि यह घटनाएं पंजाब में हुई हैं और इनसे काफी घाटा हुआ है। घाटे की भरपाई के लिए केंद्र कुछ फैसले लेने पर विचार-विमर्श कर रहा है।
केंद्र करे नुकसान की भरपाई - हरपाल चीमा
वहीं इस मामले पर पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल चीमा का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रदर्शन के कारण टोल प्लाजा बंद हुए थे और किसानों की मांगे केंद्र से संबंधित हैं। तो इसलिए नुकसान की भरपाई भी केंद्र को ही करनी चाहिए। क्योंकि पंजाब सरकार किसानों के पक्ष में रही है और केंद्र को इसका समाधान निकालना होगा।