पंजाब में मौसम अचानक बदल गया है। कल शाम से शुरू हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा। लेकिन इसके बाद 23 जून को पंजाब में फिर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के फरीदकोट, मानसा, बठिंडा, फाजिल्का और मुक्तसर में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के साथ साथ पड़ोसी राज्यों में मॉनसून को लेकर बड़ा अपडेट आया है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक एके सिंह ने कहा है कि पंजाब में मानसून अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक 27-28 जून के आसपास दस्तक दे सकता है।
बुधवार शाम को पंजाब के माझे और दोआब इलाके में तूफान आया और उसके बाद हल्की बारिश हुई। इसका असर मालवा में भी देखने को मिला है। जालंधर, होशियारपुर, पठानकोट, रोपड़, आनंदपुर साहिब, लुधियाना, मोहाली और पटियाला के कुछ इलाकों में तूफान के बाद बारिश से तापमान में गिरावट आई है।
दिल्ली में कब होगी बारिश
दिल्ली-एनसीआर में तापमान रोज नए रिकॉर्ड बना रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में आज और कल हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
जाने मानसून कहां कहां पहुंचा
मानसून 12 जून तक केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में पहुंच गया था। इसके साथ ही 18 जून तक मानसून गुजरात के नवसारी, महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा है।
जाने जम्मू कश्मीर में कब पहुंचेगा मानसून
जम्मू कश्मीर में मानसून सामान्य तौर पर 30 जून के आसपास पहुंचता है। इस बार पहले ही अनुमान जताया जा रहा है कि मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। लेकिन बदले मौसम के मिजाज के चलते मानसून के आने में हल्की देरी हो सकती है। ऐसे में जम्मू कश्मीर में जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून दाखिल हो सकता है।