हिमाचल प्रदेश में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मंडी जिले के सराज विधानसभा के मगरुगला के बीच सैनी नाला के पास हुआ, जहा एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑल्टो कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरी है।
मृतकों की पहचान
दुर्घटना में मारे गए लोगों की पहचान गगन, मंगल चंद और धवन गाव के आशु के रूप में हुई है। सभी मृतक ग्राम पंचायत ब्रेयोगी के निवासी थे। घायलों में कल्याणजू, गुमान सिंह और गगन सिंह शामिल हैं। सभी की उम्र 35 से 42 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
बारिश के कारण सड़क की हालत खराब
दुर्घटना का कारण बारिश के कारण सड़क की खराब हालत और खंभे का गिरना बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, हादसे के शिकार लोग सेब सीजन के लिए शंकरदेहरा गए थे और रविवार शाम को लौट रहे थे। हादसा रात में हुआ, लेकिन इसकी जानकारी सुबह हुई। स्थानीय लोगों ने घायलों को निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुच गई।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार हादसे में मृत तीन लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस घटना के दो घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।