झारखंड के गढ़वा में सोमवार को एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। इस आग में दो बच्चों समेत 5 लोगों की झुलसकर मौत हो गई। आग लगते ही मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। आसपास के सभी लोग जान चाकर भागने लगे। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
5 लोगों की झुलसकर मौत
मृतकों में दुकान मालिक कुश गुप्ता (45), अजीत केशरी (32), सुशीला केरकेट्टा (20), नमन केशरी (9) और भोला केशरी (8) शामिल हैं। आग लगते ही चारों तरफ बम-पटाखे फटने की आवाज गूंजने लगी। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया जिसके कारण दुकान के पास खड़ी एक बाइक भी उसकी चपेट में आ गई।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताते हुए X पर लिखा- गढ़वा जिले के रंका प्रखंड में पटाखा दुकान में आग लगने से 5 लोगों की मृत्यु की दुःखद खबर मिली है। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे। जिला प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।