फाजिल्का में शादी से लौट रही बारात की गाड़ी पिकअप से टकराई, 3 बच्चों समेत 5 की मौत

ख़बरिस्तान नेटवर्क : फाजिल्का में शादी की खुशियां उस समय चीख-पुकार और मातम में बदल गईं, जब बारात से लौट रही टवेरा गाड़ी की सामने से आ रही पिकअप के साथ जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में तीन मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जलालाबाद के नजदीक स्थित गांव वड्डा टिवाना से बारात फाजिल्का के गांव करनी खेड़ा आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बाराती टवेरा गाड़ी में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने टवेरा को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले 5 लोगों ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को एंबुलेंस की मदद से फाजिल्का के सरकारी अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और तीन बच्चे शामिल हैं।

विधायक नरिंदर पाल सिंह सवना अस्पताल पहुंचे
हादसे में घायल हुए आठ लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनमें छह पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम घायलों को बेहतर इलाज देने में जुटी हुई है। हादसे की जानकारी मिलने पर फाजिल्का के विधायक नरिंदर पाल सिंह सवना भी सरकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली।

विधायक ने बताया कि बारात गांव करनी खेड़ा से वापस लौट रही थी। इसी दौरान टवेरा और पिकअप गाड़ी के बीच टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। आठ घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *