कोलकाता-मुंबई एअर इंडिया फ्लाइट में हाईजैक की धमकी, टॉयलेट में मिला नोट

कोलकाता से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान को हाईजैक करने की धमकी मिली। विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिलने के बाद क्रू मेंबर्स ने तुरंत पायलट को इसकी जानकारी दी।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : कोलकाता से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान को हाईजैक करने की धमकी मिली। विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिलने के बाद क्रू मेंबर्स ने तुरंत पायलट को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।

टॉयलेट में मिला हाईजैक की धमकी वाला नोट
जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया का एयरबस A320neo विमान कोलकाता से मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान एक क्रू मेंबर को विमान के टॉयलेट में एक संदिग्ध नोट मिला। नोट में लिखा था कि सुबह 11:10 बजे विमान को हाईजैक कर लिया जाएगा। धमकी की गंभीरता को देखते हुए क्रू मेंबर ने बिना देरी किए पायलट को इसकी जानकारी दी। पायलट ने तत्काल ATC को अलर्ट किया, जिसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

विमान में सवार थे 93 यात्री और 5 क्रू मेंबर
धमकी मिलने के समय विमान में 93 यात्री और 5 क्रू मेंबर मौजूद थे। विमान को सामान्य पार्किंग क्षेत्र से हटाकर कोलकाता एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू की, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या संभावित खतरे का पता लगाया जा सके। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को देखते हुए जरूरी सुरक्षा प्रक्रिया अपनाई गई।

विस्तारा की लिवेरी में ऑपरेट हो रहा था विमान
बताया जा रहा है कि एअर इंडिया का यह एयरबस A320neo विमान विस्तारा की लिवेरी यानी पुराने विस्तारा ब्रांड की पेंटिंग के साथ ऑपरेट हो रहा था। फिलहाल धमकी भरा नोट किसने और किन परिस्थितियों में विमान के टॉयलेट में रखा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *