34 साल बाद मिला इंसाफ! ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह के अपहरण मामले में पंजाब पुलिस का पूर्व SSP दोषी करार

Justice served after 34 years! Former Punjab Police SSP convicted in transporter Amrik Singh kidnapping case

पंजाब में पुलिस हिरासत से लोगों के लापता होने के पुराने मामलों में मोहाली की विशेष CBI अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने 1992 में लुधियाना के ट्रांसपोर्टर अमरीक सिंह सकरी के अपहरण और लापता होने के मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी करार दिया है। वहीं, उनके सुरक्षा गार्ड परमिंदरजीत सिंह को सबूतों के अभाव में संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।

दरअसल, 25 नवंबर 1992 को अमरीक सिंह अपने साले की बेटी की शादी में शामिल होने लुधियाना के होटल अमलतास पहुंचे थे। इसी दौरान तरनतारन पुलिस की टीम उन्हें अपने साथ ले गई। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।

मामले में उनकी पत्नी ने 1996 में सुप्रीम कोर्ट का रुख करते हुए बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अमरीक सिंह की मौत होने की जानकारी दी थी, लेकिन परिवार ने इस दावे को स्वीकार नहीं किया।

इसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मामले की जांच CBI को सौंपी गई। CBI ने जनवरी 1999 में प्रारंभिक जांच शुरू की और फरवरी 2000 में अपहरण, गैरकानूनी हिरासत, रिकॉर्ड में हेरफेर और आपराधिक साजिश के आरोपों में केस दर्ज किया।

साल 2001 में CBI ने पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। हालांकि, कानूनी अड़चनों और अदालतों में याचिकाओं के चलते मामले का ट्रायल 2022 में शुरू हो सका। CBI ने कुल 47 गवाहों के नाम दिए थे, लेकिन सुनवाई के दौरान केवल 16 गवाहों की ही गवाही दर्ज हो पाई। इस दौरान तीन आरोपी पुलिस अधिकारियों की मौत भी हो गई।

करीब 34 साल तक चली कानूनी लड़ाई के बाद अब मोहाली की विशेष CBI अदालत ने पूर्व SSP गुरमीत सिंह रंधावा को दोषी ठहराया है। वहीं, सुरक्षा गार्ड परमिंदरजीत सिंह को बरी कर दिया गया है।

अब अदालत 12 नवंबर को दोषी पूर्व SSP की सजा पर फैसला सुनाएगी। करीब साढ़े तीन दशक तक इंसाफ का इंतजार करने वाले परिवार की नजरें अब सजा के ऐलान पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *