ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के भार्गव कैंप बाजार में सुबह-सुबह अचानक एक घर में आग लग गई और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार वालों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी। फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, पर तब तक घर का सामान जलकर खाक हो चुका था। इस दौरान एक व्यक्ति भी झुलस गया। वहीं घर की हालत देख महिला रोने लगी।
दीए की चिंगारी के कारण घर में लगी आग
वहीं घटना में झुलसे व्यक्ति ने कहा कि भाई दूज पर घर में दीया जलाने के दौरान यह हादसा हुआ। ज्योत की चिंगारी से घर में आग लग गई। तिलक करवाने के बाद घर में मिठाई खाई थी, इसी दौरान किसी ने आकर बताया कि आपके घर की छत से धुंआ निकल रहा है। जिसके बाद वह घर की छत पर गए तो देखा कि आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। घटना में बैड, कपड़े, नगदी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया।
मदद के बहाने फोन लेकर फरार नौसरबाज
वहीं इस घटना के दौरान इंसानियत उस समय शर्मसार हुई, जब लड़की ने मोबाइल से फ्लैश ऑन करके जले सामान को देख रही थी। इसी दौरान एक नौसरबाज व्यक्ति आया और उसने मदद करने के लिए कहा कि मुझे फोन पकड़ा दें ताकि आप सामान देख लें। जैसे ही महिला ने फोन पकड़ाया तो नौसरबाज मौका पाकर वहां से फरार हो गया।
लोग दुकानदारों के अवैध कब्जे के खिलाफ जताया रोष
वहीं इस दौरान लोगों ने दुकानदारों द्वारा अवैध कब्जों को लेकर रोष पाया गया। लोगों ने कहाकि कपड़े की मार्केट है और अवैध कब्जों के कारण दमकल विभाग की गाड़ी अंदर तक नहीं पहुंच पाई। दमकल विभाग की टीम को घटना स्थल तक पहुंचने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने अवैध कब्जों हटाने को लेकर प्रशासन से कार्रवाई करने की अपील की है।









